हसनपुर। थाना पुलिस ने गांव बांसवा के पास आगरा कैनाल में बैग में रखे एक महिला का शव बरामद किया है। मृतक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी उमर मोहम्मद ने बताया कि बांसवा शेषसाई के पास आगरा कैनाल में शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि महिला का शव एक बैग में रखा मिला था, जिसकी उम्र लगभग 20-21 वर्ष है। मृतका का शव 6-7 दिन पुराना बताया गया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को बैग में बंद करके आगरा कैनाल में बहा दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका की शिनाख्त के लिए शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखा जाएगा।