पलवल में सल्लागढ़ सरकारी स्कूल के द्वार पर पड़ी गंदगी।
- फोटो : Palwal
पलवल। राजकीय माध्यमिक विद्यालय सल्लागढ़ के मुख्य द्वार के सामने लगे गंदगी के ढेर से अब स्कूली बच्चे ही नहीं, बल्कि वहां से गुजरने वाले लोग भी परेशान होने लगे हैं। लोगों ने इस मामले में अब नगर परिषद अध्यक्ष इंदू भारद्वाज को ज्ञापन देकर यहां से गंदगी उठवाने व यहां गंदगी न डलवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे स्वयं गंदगी को उठवाकर अधिकारियों के द्वार पर डलवा देंगे।
लोगों का कहना है कि इस स्कूल के सामने सफाई कर्मचारी सल्लागढ़ से गंदगी उठाने के बाद डाल देते हैं तथा यहां से दूसरे दिन नगर परिषद कर्मचारी ट्रैक्टर में गंदगी को भरकर ले जाते हैं। कई बार तो कई-कई दिनों तक गंदगी पड़ी रहती है तथा उससे उठने वाली बदबू के कारण स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों व शिक्षकों के अलावा आने-जाने वाले लोगों को बेहद परेशानी उठानी पड़ती है। इस समस्या के बारे में कई बार लोग नगर परिषद अधिकारियों, पार्षद व उपायुक्त तक से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान आज तक नहीं हो पाया है। इस समस्या को लेकर लोग कई बार नगर परिषद कार्यालय में जाकर भी हंगामा कर चुके हैं।
समाजसेवी व पर्यावरण सचेतक आचार्य राम कुमार बघेल ने बताया कि इस संदर्भ में शुक्रवार को कई लोग नगर परिषद अध्यक्ष से मिले हैं तथा उनसे मांग की है कि गंदगी को यहां न डलवाया जाए तथा गंदगी को उठवाया जाए। वहीं अध्यक्षा इंदू भारद्वाज का कहना है कि इस समस्या का समाधान जल्द करा दिया जाएगा।