राव इंद्रजीत सिंह ने शहीद समय सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण, सात वीर सपूतों के बलिदान को किया नमन
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह ने रविवार को गांव कुरथला में शहीद समय सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने गांव के विद्यालय का नाम शहीद समय सिंह के नाम पर रखने, शहीद विक्रम सिंह के नाम पर भी विद्यालय का नामकरण करने और शहीद छतरपाल सिंह के नाम पर गांव में प्रवेश द्वार बनाने की घोषणा की। इसके अलावा कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने का एलान किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान देश हमेशा याद रखेगा और उनकी वीरता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
केंद्रीय मंत्री ने शहीद समय सिंह के पिता दलबीर सिंह, माता बिरेश देवी और उनकी बहनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शहीद लेफ्टिनेंट किरण शेखावत की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके ससुर एवं पूर्व सरपंच श्रीचंद को सम्मानित किया। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सेना में सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
पूर्व मंत्री कुंवर संजय सिंह ने कहा कि शहीद समय सिंह ने छोटी उम्र में देशसेवा के लिए बड़ा बलिदान दिया। कार्यक्रम में कर्नल गोपाल सिंह, कर्नल प्रेम सांगवान, कर्नल देवेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम सहित सेना के पूर्व अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।