हथीन। कोट गांव के पास सड़क हादसे में स्कूटी सवार क्लीनिक संचालक महिला की मौत हो गई। मृतका गांव में अपना निजी क्लीनिक चलाती थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, होडल के सैनी नगर निवासी राजेश सैनी ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी रूबी सोमवार दोपहर में करीब एक बजे स्कूटी से क्लीनिक जा रही थीं। जैसे ही वह क्लीनिक के नजदीक पहुंची, एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खंभे से जा टकराई। हादसे में रूबी को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पति राजेश मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। संवाद