हथीन। हथीन - पलवल रोड स्थित मलोखड़ा गांव में नशे में धुत एक व्यक्ति द्वारा की गई गाली-गलौज का विरोध करना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। इससे फैले विवाद ने झगड़े का रूप ले लिया। इस झगड़े में हमलावरों ने लाठी-डंडे , सरिया एवं अवैध हथियार का इस्तेमाल किया। इस हमले में महिलाओं सहित कई लोगों को चोटें आई हैं।इनमें जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है और फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इस संदर्भ में हथीन थाना पुलिस ने 2 दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मलोखड़ा निवासी सलीम ने अपनी शिकायत में कहा है कि 24 फरवरी की रात करीब 9:00 बजे उस का भाई अलीम और भतीजा साजिद गांव में ही अब्बास की दुकान पर बैठे थे कि कुछ समय पश्चात अखलाक नशे में दुकान पर आया और उसके भाई और भतीजे के साथ गाली-गलौज करने लगा। इसका विरोध करने पर अखलाक और उसके परिजनों ने उनसे मारपीट की। दूसरे दिन सुबह करीब 10 बजे वह और उसका भतीजा साबिर जब अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनसे बात करने जा रहे थे तो शब्बीर के घर के सामने से लगभग दो दर्जन लोग अपने हाथों में लाठी-डंडे और सरिया और अवैध हथियार लेकर आए और झगड़ा शुरू कर दिया। मुन्ना ने जान से मारने की नियत से गोली चला दी जिससे वह बाल-बाल बचा। लड़ाई झगड़े का शोर सुनकर उनके परिजन जब मौके पर आए तो दो दर्जन से अधिक आरोपियों ने मिलकर हमला बोल दिया और मोटरसाइकिल को भी बुरी तरह तोड़ दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उसकी मां अतरी और मुजाहिद को गंभीर चोटें आई हैं।