मृतका के पति ने कहा-डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार हुआ, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र के गांव पृथला की भट्ठा कॉलोनी में एक निजी क्लीनिक में उपचार के दौरान 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका के पति ने डॉक्टर पर लापरवाही बरतने और इलाज के बाद क्लीनिक बंद कर फरार होने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।
भट्ठा कॉलोनी निवासी अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे उसकी पत्नी पिंकी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर गांव के एक निजी क्लीनिक के डॉक्टर सुनील आरव उसके घर पहुंचे और एक इंजेक्शन लगाने के साथ तीन खुराक दवा देकर चले गए। अजय के अनुसार, पत्नी ने एक खुराक दवा ली, लेकिन तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद वह पत्नी को डॉक्टर के क्लीनिक लेकर पहुंचा। आरोप है कि डॉक्टर ने ग्लूकोज चढ़ाने के दौरान बोतल में लगातार आठ से दस इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद पिंकी की हालत और गंभीर हो गई। अजय ने डॉक्टर से दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही, लेकिन डॉक्टर ने कुछ देर में आराम होने का भरोसा दिया। करीब दस मिनट बाद महिला ने दम तोड़ दिया।
आरोप है कि मौत के बाद डॉक्टर उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह देकर क्लीनिक बंद कर फरार हो गया और अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतका के पति की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।