पलवल। रूंधी और सोलाका रेलवे स्टेशनों के बीच महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास किए, लेकिन अब तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
जीआरपी चौकी के जांच अधिकारी देवरतन डागर ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची, जहां रेलवे ट्रैक के बीच महिला का शव पड़ा मिला। तलाशी के दौरान कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। आसपास के लोगों से भी पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतका की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। जीआरपी ने आसपास के थानों को सूचना भेज दी है, ताकि पहचान में मदद मिल सके।