नूंह। आकेड़ा थाना क्षेत्र के गांव मेवली में रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद में एक महिला पर रॉड और लाठियों से हमला करने का आरोप है। आरोप है कि नौ लोगों ने महिला का रास्ता रोककर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। गंभीर रूप से घायल असमीना का पीजीआई रोहतक में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नौ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता जमशेद के अनुसार, एक नवंबर को उनकी पत्नी असमीना भैंसों को चारा डालने प्लाॅट पर जा रही थी। इसी दौरान राहुल ने वहां से निकलने से मना कर दिया। विरोध करने पर रॉड से वार किया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी हमला कर कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
जांच अधिकारी नवीन का कहना है कि समझौते के लिए बातचीत सफल नहीं हुई। मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत की जांच के आधार पर नौ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।