पुन्हाना। बिछौर थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और युवक की मौत हो गई। पहले हादसे में बिना नंबर के डंपर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और छोटा बच्चा घायल हो गए। वहीं, दूसरे हादसे में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।पहली घटना होडल-पुन्हाना मार्ग पर गांव इंदाना के पास बिछौर थाना गेट के सामने हुई। गांव नवलगढ़ निवासी सकील अपनी पत्नी सईमन और बच्चे के साथ बाइक पर पुन्हाना डॉक्टर के पास जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार बिना नंबर के डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। महिला डंपर के पहियों के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
दूसरी घटना सिंगार से नई गांव जाने वाली सड़क पर हुई। बिछौर निवासी अरशद अली के अनुसार, वह अपने ताऊ के बेटे रोबिन के साथ पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने रोबिन को टक्कर मार दी। उपचार के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी ललित कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।