पलवल।
मिंडकोला गांव निवासी एक व्यक्ति के फोन-पे खाते से साइबर ठगों ने दो बार में 90 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार, मंडकोला निवासी ब्रजलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 जुलाई को उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से मारुफ अली के नाम पर 50 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद एक-एक रुपये की दो छोटी राशि उसके खाते में वापस भेजी गई। फिर मनींदर सिंह के नाम से यूपीआई आईडी के जरिये 40 हजार रुपये और निकाल लिए गए। इस तरह कुल 90 हजार रुपये की ठगी हुई।
पीड़ित ने बैंक में जानकारी ली तो उसे साइबर ठगी का पता चला। इसके बाद उसने 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को उसने साइबर क्राइम थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी।