संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पढ़ाई न करने पर विधवा मां ने बेटे को डांटा तो उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने मृतक के मामा के बयान पर पोस्टमार्टम कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के मामा अजीत ने बताया कि उसकी बहन कश्मीरी, शहर की श्याम नगर कॉलोनी में अपने 16 वर्षीय बेटे रवि के साथ रहती थी। कश्मीरी के पति प्रेमपाल की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। घर में कश्मीरी और उसका पुत्र रवि ही रहते थे। कश्मीरी मजदूरी कर गुजर बसर करती थी। रवि 10वीं कक्षा में पढ़ाई करता था। रवि ने कुछ दिनों पहले शहर के सरकारी स्कूल से अपना नाम कटवा लिया था। इसके बाद उसने ओपन स्कूल में दाखिला लिया था। रवि द्वारा पढ़ाई न करने पर कश्मीरी ने उसे डांटा था। इससे आहत होकर रवि ने सोमवार शाम को घर के पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय कश्मीरी मजदूरी पर बाहर गई हुई थी। वह देर शाम घर पहुंची तो रवि का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया।