पति सहित 4 पर प्राथमिकी दर्ज, एक साल पहले हुई थी कोर्ट मैरिज
हथीन। विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। बहीन थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आलीमेव गांव निवासी महिला रब्बा ने शिकायत दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसने करीब एक वर्ष पहले रुपनगर नाटोली गांव निवासी काहिर के साथ कोर्ट मैरिज की थी। शादी से काहिर का परिवार खुश नहीं था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वाले उससे दहेज में दो लाख रुपये नकद और एक बाइक की मांग करने लगे। शुरुआती दिनों में पति काहिर उसका साथ देता रहा, लेकिन बाद में वह भी अपने परिजनों के साथ मिलकर उसे परेशान करने लगा। दहेज की मांग को लेकर घर में आए दिन झगड़ा होने लगा।
महिला का आरोप है कि 14 दिसंबर 2025 को पति काहिर, सास सायरा, ससुर रिसाल और जेठ आकिल ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसके आभूषण छीन लिए और घर से बाहर निकाल दिया। जाते समय धमकी दी कि दो लाख रुपये और बाइक लेकर आने पर ही घर में प्रवेश मिलेगा, अन्यथा जान से मार देंगे। पीड़िता ने 20 दिसंबर 2025 को महिला सेल में शिकायत दी थी। काउंसलिंग के बाद बहीन थाना पुलिस ने 10 मई 2026 को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।