अलीगढ़ के बाजोता गांव का रहने वाला है सोनू उर्फ प्रमोद
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। एसटीएफ ने नीरज फरीदपुरिया गैंग से जुड़े बदमाश सोनू उर्फ प्रमोद से करीब 10 लाख रुपये कीमत की ग्लॉक (विदेशी पिस्टल) समेत कई हथियार बरामद किए हैं। आरोपी को तीन दिन पहले गिरफ्तार किया गया था।
डीएसपी एसटीएफ प्रीतपाल ने बताया कि एसटीएफ पलवल प्रभारी अनिल छिल्लर के नेतृत्व में टीम ने अलीगढ़ के बाजोता गांव निवासी सोनू उर्फ प्रमोद को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय उसके कब्जे से एक ग्लॉक पिस्टल और 200 से अधिक कारतूस बरामद हुए थे। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक पीएक्स-3 (चाइनीज) पिस्टल, एक 32 बोर की पिस्टल, चार कारतूस और एक डबल बैरल पौना बंदूक बरामद की गई। डीएसपी ने बताया कि नीरज व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामलों में गैंग की गतिविधियों के साथ-साथ हथियारों की सप्लाई भी करता था। गैंग आधुनिक हथियारों के बल पर पलवल और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
-
16 मुकदमे दर्ज, हत्या के केस में 50 हजार का इनामी था आरोपी
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोनू उर्फ प्रमोद के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, फिरौती और आर्म्स एक्ट सहित 16 मुकदमे दर्ज हैं। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के काकोड़ थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।