पलवल। अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों से देश को अनेक वीर सपूतों के बलिदान के बाद स्वतंत्रता मिली। स्वाधीनता के लिए प्राण न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और सरहद पर शहीद होने वाले सैनिकों की कुर्बानी को राष्ट्र हमेशा याद रखेगा। ये बातें हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल ने बृहस्पतिवार को कहीं। वे स्थानीय नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण और परेड की टुकड़ियों का निरीक्षण करने के बाद जिलावासियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों तथा शहीदों के आश्रितों को शाल भेंट कर सम्मानित किया।
उद्योग मंत्री गोयल ने कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल सहित अनेक देश भक्तों के बलिदान व देश के सामाजिक एवं राजनैतिक उत्थान के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, लौह पुरुष सरदार वल्लब भाई पटेल व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे राष्ट्रभक्तों की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज तरक्की की राह पर अग्रसर है। उन्होंने बांग्लादेश एवं पूर्वोत्तर राज्यों से लगती विदेशी सरहदों का मामला सुलझाया, वहीं भारत की सुरक्षा के लिए शत्रुओं को मुहंतोड़ जवाब भी दिया है। अभी हाल ही में प्रधानमंत्री व गृहमंत्री अमित शाह ने साहसिक निर्णय लेते हुए जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 व धारा-35ए के तहत दिए गए प्रावधान हटाकर अखंड भारत का सपना साकार किया है। उन्होंने कहा कि मिशन चंद्रयान-2 और अंतरिक्ष से अंतरिक्ष में मारक क्षमता हासिल करने से देश को विश्व की महाशक्तियों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। ओबीसी वर्ग के उत्थान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ओबीसी आयोग का गठन किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में लोगों के सहज जीवनयापन के लिए सरकारी योजनाओं का सरलीकरण तथा डिजिटलीकरण किया है। आयुष्मान भारत योजना से गरीब लोगों को निशुल्क उपचार की सुविधा मिली है। युवाओं के लिए रोजगारयुक्त शिक्षा व्यवस्था बनाई गई है। वर्ष 2025 तक बच्चों को कुपोषण मुक्त किया जाएगा तथा वर्ष 2030 तक प्रदेश के किसी भी नागरिक को भूखा नहीं सोने दिया जाएगा। बाद में विपुल गोयल ने गांधी सेवाश्रम में जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा गांधी जी की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
समारोह में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल कैंप के बच्चों ने हरियाणवी गीत-भारत में गजब हौसला पर्वत ते टकराने का..., सरस्वती कॉलेज की छात्राओं ने स्वच्छता प्रकृति संरक्षण विषय पर नाटक की प्रस्तुति, शांति पब्लिक स्कूल रेलवे रोड के बच्चों ने राजस्थानी गीत-काली कूद पडयो मेले में..., बी.के. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल के बच्चों ने ए वतन मेरे वतन आबाद रहे तू तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल शहर की छात्राओं ने हरियाणवी गीत- पहनके भारी-भारी घाघरा यू चाल्या न जाता... पर मनमोहक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला, उपाध्यक्ष हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड मेहरचन्द गहलोत, भाजपा जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत, नगर परिषद की चेयरपर्सन इंदू भारद्वाज, जिला परिषद की चेयरपर्सन चमेली देवी, उप प्रधान संतराम, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार वर्मा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पीयूष शर्मा, उपायुक्त यशपाल, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र बिजारनिया, अतिरिक्त उपायुक्त सुरेन्द्र सिंह, नगराधीश आशिमा सांगवान, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।