शहर में अब कहीं भी आपको गंदगी पड़ी मिले या गंदगी के ढेर लगे दिखाई दें, तो इसकी शिकायत अब घर बैठे भी की जा सकती है। इसकी शिकायत जिला प्रशासन द्वारा बुधवार से शुरू किए गए वाट्स ऐप नंबर पर की जा सकती है। जिला प्रशासन ने पलवल शहर के लोगों के लिए सफाई व्यवस्था खराब होने पर गंदगी के ढेरों की फोटो भेजने की अपनी घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए वाट्स ऐप की सुविधा शुरू कर दी है।
शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर डीसी अशोक कुमार शर्मा ने जिले में अपनी नियुक्ति के सफाई को लेकर चिंता जताते हुए वाट्स-ऐप नंबर जारी करने की बात कही थी। नगर परिषद के अंतर्गत शहरी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। चारों तरफ से लोगों की गंदगी की शिकायतें आ रही थीं। इन्हें दूर करने के आदेश दिए जाते थे। परिषद कर्मचारी व अधिकारी सफाई कराने का दावा करते थे, लेकिन उसके बावजूद आए दिन लोग शिकायत करते थे।
इस समस्या को देखते हुए नगर परिषद का वाट्स ऐप नंबर शुरू कराया गया है। इसके बाद अब लोग गंदगी की शिकायत सीधे वाट्स ऐप नंबर 7056832300 पर फोटो डालकर कर सकते हैं। इस नंबर पर शिकायत आते ही नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी तुरंत प्रभाव से उस शिकायत पर संज्ञान लेंगे तथा मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराएंगे। शिकायतों पर कार्रवाई हो भी रही है या नहीं, डीसी भी इस पर नजर रखेंगे। शिकायत के बाद गंदगी नहीं उठने पर परिषद अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सफाई को लेकर गंदगी को डंपिंग कराना भी नगर परिषद के लिए बड़ी समस्या रहा है। इसके लिए भी हथीन में शीघ्र व्यवस्था कराई जा रही है, उसके बाद शहर की सफाई व्यवस्था काफी हद तक ठीक हो जाएगी।
----
- सफाई को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से जागरूक है। इसके लिए पहले से की गई घोषणा के अनुरूप वाट्स-ऐप नंबर 7056832300 जारी कर दिया गया है। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जहां भी गंदगी के ढेर दिखाई दें, तुरंत उसकी फोटो खींचकर इस नंबर पर डाले, ताकि गंदगी को उठवाया जाए और शहर को स्वच्छ बनाया जा सके।
-अशोक शर्मा, डीसी, पलवल।
.