संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। बिछौर गांव में बृज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर जलभराव की समस्या से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर काफी समय से गंदा पानी भरा होने के कारण लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इसके चलते गंदा पानी मार्ग पर जमा रहता है और समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीण हाकम, मुस्ताक, दीनू, राजेश, परम, असलम, याकूब और जुम्मे खां सहित अन्य लोगों ने बताया कि बृज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से न केवल स्थानीय ग्रामीण बल्कि आसपास के कई गांवों के लोग भी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसके अलावा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु भी इस रास्ते का उपयोग करते हैं। जलभराव के कारण लोगों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और विकराल रूप धारण कर सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
कोट
मार्ग पर बरसात के कारण जलभराव हो सकता है, मार्ग पर नाले का पानी भर रहा है तो ग्राम पंचायत का आदेश देकर इसका समाधान कराया जाएगा। -कपिल सिंगला, बीडीपीओ, पुन्हाना