जलभराव के बीच से निकलते वाहन चालक।
- फोटो : Palwal
रेलवे पुल के नीचे और कॉलोनियों में भरा पानी, लोग परेशान
पलवल। पलवल-अलीगढ़ रोड स्थित रेलवे पुल के नीचे जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बावजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या को दूर नहीं कर रहे हैं। लोगों ने चेेतावनी दी है कि यदि पानी जल्द बाहर नहीं निकाला गया तो मजबूरी में रोड जाम कर प्रदर्शन करना पड़ेगा।
पलवल-अलीगढ़ मार्ग स्थित रेलवे पुल के नीचे और आसपास की कॉलोनी में काफी समय से जलभराव की समस्या है। दो दिन लगातार बारिश होने के बाद स्थिति और भी बुरी हो गई है। कॉलोनियों के लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, पानी भरने से गड्ढे न दिखने के कारण कई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो जा रहे हैं। इनेलो के शहरी जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा, समाजसेवी राज कुमार, संतोष कुमार, डॉ. हितेश शर्मा का कहना है कि जलभराव के कारण लोगों का पैदल निकलना भी दूभर है। काफी दिन से पानी भरा होने के कारण कॉलोनी के लोगों में बीमारियों के फैलने का डर भी सताने लगा है। कई बार शिकायत के बावजूद भी अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या की सुध नहीं ले रहे हैं। अगर, जल्द से जल्द समस्या दूर नहीं हुई तो इनेलो द्वारा रोड जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा।
उपायुक्त नरेश नरवाल का कहना है कि इस बारे में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द समस्या दूर की जाएगी। यदि किसी की लापरवाही मिली तो अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।