संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेवात डेवलपमेंट एजेंसी की ओर से ‘खेलो मेवात’ कार्यक्रम के तहत नगीना बीडीपीओ कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगीना और फिरोजपुर झिरका खंड के गांवों के युवाओं को वॉलीबॉल किट वितरित की गईं।
बीडीपीओ विशाल आजाद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बल्कि उन्हें उचित मंच और संसाधनों की जरूरत है। खेल सामग्री मिलने से युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों में अपनी प्रतिभा निखार सकेंगे और जिला व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
खेल कोच नवीन नैन ने कहा कि वॉलीबॉल जैसे खेल युवाओं में शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित अभ्यास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पंचायत समिति चेयरमैन निसार, अरशद मास्टर, सरपंच, ग्रामीण और युवा खिलाड़ी मौजूद रहे। किट मिलने पर खिलाड़ियों में उत्साह नजर आया।