सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, हादसे का बना रहता है खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल
जिले के बघौला गांव के पास मथुरा से दिल्ली की ओर आने वाली एनएच-19 की सर्विस रोड पिछले काफी समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी नजर आती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना रहता और कई बार छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं। टूटी सड़क के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है और सुबह-शाम जाम की स्थिति बन जाती है। स्कूल बसें, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण रोजाना इस समस्या से जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सर्विस रोड कई गांवों को जोड़ती है, इसलिए यहां से वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इसके बावजूद सड़क की सुध नहीं ली जा रही। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं और जाम की समस्या से राहत मिल सके।
-
सड़क की हालत बेहद खराब है। रोजाना गड्ढों से बचते-बचाते निकलना पड़ता है, कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है । -
सुरेश चौहान
गड्ढों के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है, जिससे सुबह शाम के समय अधिक जाम रहता है।
- हेतलाल
कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन को जल्द ध्यान देना चाहिए।
- हरि सिंह