संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। उपमंडल के गांव गुलालता में बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। अघोषित बिजली कटौती, गुलालता लाइन से अन्य गावों को जोडने और अपर्याप्त आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों ने गांव स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पर पहुंचकर विरोध जताया। ग्रामीणों के हंगामे के बाद बिजली विभाग के एसडीओ शमीम खान मौके पर पंहुचे और ग्रामीणों को समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर धरने की चेतावनी भी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्धारित समय के अनुसार 16 घंटे बिजली आपूर्ति होनी चाहिए, लेकिन उन्हें केवल 8 से 9 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। ग्रामीण आफताब, मास्टर इमरत, आसू, असगर, जमील नंबरदार, मुजीबुर्रहमान, मसूद समेत अन्य लोगों ने बताया कि गुलालता बिजली घर से गुलालता, जालिका, रसूलपुर, राजपुर, जहटाना, सिरौली, रायपुर, रहीड़ा, खोंटा और गागड़बास सहित कई गांव जुड़े हुए हैं। उनका आरोप है कि हाल ही में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने इसी फीडर से हिंगनपुर, औथा, चौखा, गुबराड़ी, फरदड़ी तथा पलवल जिले के नाटौली गांव को भी जोड़ दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अतिरिक्त गांवों को जोड़ने के बाद बिजली पर भार बढ़ गया है, जिसके चलते क्षेत्र में पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही।
कोट
बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। ग्रामीणों में बीसरू गांव को जोड़ने पर नाराजगी थी, जिस पर समझाया गया और आश्वासन दिया की गुलालता गांव की लाइन से अन्य किसी गांव को नहीं जोडा जाएगा। -शमीम खान, एसडीओ, बिजली विभाग पुन्हाना।