हथीन-मानपुर बहीन परमिट रोड का निर्माण शुरू, होडल-नूंह मार्ग से जुड़ने वाले दर्जनभर गांवों के लोगों को होगा सीधा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। अमर उजाला की ओर से 25 अगस्त को हथीन बहीन परमिट रोड के जर्जर होने और वाहन चालकों की परेशानियों को उजागर करने वाली खबर का व्यापक असर हुआ है। खबर प्रकाशन के बाद लोक निर्माण विभाग ने मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए उक्त जर्जर रोड के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया है। विभाग की इस पहल से सीधे दो लाख की आबादी को लाभ होगा।
यह रोड एक दर्जन से अधिक गांवों के होडल-नूंह रोड से जोड़ता है, जिससे लोगों को दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचने में सुविधा होगी। हथीन उपमंडल के लोग होडल, कोसी, मथुरा और आगरा के लिए भी इसी रोड का इस्तेमाल करते हैं। पहाड़ी गांव के जवाहर सिंह रावत ने अमर उजाला और लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह गांव के लिए एकमात्र रोड है और इसके निर्माण से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि समाचार प्रकाशन के बाद अब रोड का निर्माण शुरू हो गया है। इसके लिए अमर उजाला एवं लोक निर्माण विभाग के प्रति आभार प्रकट करते हैं।
गांव मानपुर निवासी धनसिंह ने भी रोड की दुर्दशा के बारे में समाचार प्रकाशन के लिए अमर उजाला के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं को उठाकर उनके समाधान में अमर उजाला सकारात्मक भूमिका का निर्वाह कर रहा है। इसके लिए उन्होंने अमर उजाला एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया है।
जनहित में रोड के पुनर्निर्माण का काम तेज गति से कराया जा रहा है और शीघ्र ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। -विपिन व्यास, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग