पलवल।
होडल क्षेत्र के गांव सौंध में काफी समय से बनी बिजली समस्या से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बृहस्पतिवार को सड़क पर फूट पड़ा। पुरुषों और महिलाओं ने लालदास मंदिर के पास होडल-नूंह मार्ग पर पेड़ की टहनियां और पत्थर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष जताया। जाम के कारण कुछ समय तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने बिजली व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और यातायात सामान्य हो सका।
ग्रामीणों से बातचीत
गांव में कई दिनों से बिजली की आंख-मिचौली जारी है। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घरों में रहना मुश्किल हो गया है, लेकिन विभाग कोई स्थायी समाधान नहीं कर रहा। -
लवकुश, ग्रामीण
बार-बार बिजली कटने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, इसलिए मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ा।
-समय सिंह, ग्रामीण