प्रेस वार्ता में विधायक करण सिंह दलाल।
- फोटो : amarujala
कांग्रेस विधायक करण सिंह दलाल ने एक बार फिर प्रदेश सरकार पर अनुभवहीन होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आइएएस खेमका को आगे कर रॉबर्ट वाड्रा मामले को उछालकर सरकार अपनी करतूतों को छुपा रही है।
विश्राम गृह में मीडिया से रुबरू होते हुए दलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार से सभी वर्ग निराश हैं। अब तो सरकार ने खाद पर भी शैक्षणिक योग्यता लागू कर दी है। पहले खाद समितियों के माध्यम से दी जाती थी, लेकिन अब सरकार ने उसे बीएससी एग्रीकल्चर के माध्यम से देने की योजना बनाई है, जबकि सरकार के पास अधिकारी ही नहीं हैं। ऐसे में किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
दलाल ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार खत्म होने के बजाय लगातार बढ़ रहा है। डेढ़ साल में सरकार एक भी नौकरी नहीं लगा पाई है, युवाओं को केवल लॉलीपाप दिया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में दलाल ने कहा कि सरकार के मंत्री व विधायक भी सरकार की नीतियों से खुश नहीं हैं। केंद्र में भाजपा सरकार में मंत्री व प्रदेश सरकार में विधायक व पूर्व सांसद जो कांग्रेस छोड़कर गए थे, वापस कांग्रेस में आने की जुगत लगा रहे हैं।