पलवल। केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान के तहत केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर शनिवार को जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान वे पलवल, होडल और हथीन विधानसभा क्षेत्रों में पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और वरिष्ठ नागरिक सम्मान कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री सुबह 9:30 बजे सेक्टर-2 स्थित क्लॉक टावर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण करेंगे। इसके बाद स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम और वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके उपरांत वे होडल के सती सरोवर में स्वच्छता अभियान और महारानी किशोरी महाविद्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। वहीं हथीन की अनाज मंडी में आयोजित पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान में भी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है।