पलवल। उपायुक्त नरेश नरवाल के निर्देश पर जिला नगर योजनाकार द्वारा पलवल के शहरी क्षेत्र की राजस्व संपदा में काटी गई अवैध कॉलोनियों में अवैध निर्माणों को तोड़ दिया। जिनमें मनसाग्रीन के नजदीक, ईरा ग्रुप के पास, नूंह रोड के पास, पलवल सोहना रोड बाबा फिलिंग स्टेशन के पास, पलवल सोहना रोड आई.ओ.सी. पैट्रोल पंप के पीछे व ओम हॉस्पिटल के पीछे के अवैध निर्माण तोड़े गए।
इसके अलावा गांव आल्हापुर की राजस्व संपदा में थाना ट्रैफिक पुलिस पलवल और पेट्रोल पंप के पीछे तथा गांव अगवानपुर की राजस्व संपदा में अवैध कॉलोनियों एवं निर्माणों को तोड़े गए। लगभग 30 से 35 एकड़ में काटी गई 10 अवैध कॉलोनियों को तोड़ने की कार्रवाई की गई।
जिला नगर योजनाकार राजकीर्ति द्वारा भारी पुलिस बल के सहयोग से तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। राजकीर्ति ने बताया कि पलवल, आल्हापुर व अगवानपुर की 10 अवैध कॉलोनियों के कच्चे व पक्के रोड निर्माण, 25 से 30 बाउंड्रीवॉल, 40 से 45 डी.पी.सी., आठ निर्माणाधीन मकान व एक डीलर ऑफिस को धराशाई किया गया।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पुलिस बल की सहायता से लगातार विभाग द्वारा तोडफ़ोड़ की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी तथा किसी भी अवैध कॉलोनी को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से आह्वान किया है कि वे इन अवैध कॉलोनियों में प्लॉटों की खरीद के लिए प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में न आएं तथा किसी भी तरह की खरीद फरोख्त न करें। किसी भी प्रकार का कोई अवैध निर्माण न करें। ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई तथा मुकदमा दर्ज होगा।