पलवल। नगराधीश अंकिता अधिकारी ने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे मुख्यमंत्री शिकायत निवारण पोर्टल (सीएम विंडो) पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निपटान करें। सीएम विंडों पर आने वाली शिकायतों के निपटान में होने वाली किसी भी प्रकार की देरी अथवा लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। शिकायतों के निपटान में किसी भी कोताही पर संबधित विभाग के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
नगराधीश अंकिता अधिकारी ने यह निर्देश लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि 232 शिकायतों में से 167 शिकायतें बिना समाधान के पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो एवं सोशल मीडिया ग्रीवेंस ट्रैकिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का यथाशीघ्र एवं निर्धारित समयावधि में निपटारा किया जाए।
उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को अपने विभाग की सीएम विंडों पर लंबित शिकायतों का निपटारा जल्द कर एटीआर अपलोड करने के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार पलवल रोहताश, उपनिदेशक पशुपालन डा. नरेन्द्र कुमार, नायब तहसीलदार हथीन कुलवंत सिंह, ईओ एमसी होडल मनेन्द्र सिंह व उपायुक्त कार्यालय के सहायक अनूप सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।