सवा पांच करोड़ की लागत से देहरा मंदिर का होगा जीर्णोद्धार
मंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस से किया शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत बृहस्पतिवार को नारनौल-महेन्द्रगढ़ से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कैथल, जींद, भिवानी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व नूंह के 20 राज्य संरक्षित धरोहरों के 95 करोड़ रुपये से होने वाले जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की परियोजना का शिलान्यास किया। इसमें नूंह जिले के भी दो राज्य सुरक्षित स्मारकों के जीर्णोद्धार का शिलान्यास किया गया। वहीं जिला सचिवालय में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप मलिक ने शिलान्यास की प्रक्रिया पूरी की।
फिरोजपुर झिरका के भोंड गांव में स्थित राज्य सुरक्षित स्मारक देहरा मंदिर के जीर्णोद्धार पर 5 करोड़ 32 लाख 30 हजार व तावडू में स्थित राज्य सुरक्षित स्मारक टोम्ब कांप्लेक्स के जीर्णोद्धार पर 1 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि खर्च होगी।
युवाओं को विरासत से होगा जुड़ाव
अपने गांव व पूर्वजों से जुड़ी हुई विरासतों के प्रति नई पीढ़ी का जुड़ाव व लगाव बने इसके लिए प्रदेश के 75 ऐतिहासिक धरोहरों पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाएगा। 33 स्मारकों व 42 टूरिस्ट कांप्लेक्स में स्वच्छता अभियान की मुहिम को शुरू किया जा रहा है। आगामी दिनों में धरोहर स्थलों पर कार्यशालाओं व विरासत भ्रमण के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवा वर्ग को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि विरासत की हिफाजत मुहिम में वे अपनी जिम्मेदारी को अहसास कर सकें। मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपनी धरोहर सहेजने के संकल्प को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गंभीरता से सिद्धि तक ले जाया जाएगा। सरकार प्रदेश में केंद्र व राज्य संरक्षित ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के बाद उन्हें पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित करेगी, ताकि देसी, विदेशी पर्यटक प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासतों से खुद को जोड़ सकें।
धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
फिरोजपुर झिरका नगरपालिका अध्यक्ष मनीष जैन, राजकुमार गर्ग, डा यतींद्र गर्ग, महेंद्र गर्ग, नरदेव आर्य, सुदर्शन शर्मा, विकास गुप्ता, रतन गोयल आदि ने बताया कि भोंड गांव में तो हिंदू आबादी बहुत कम है, लेकिन शहर के लोग यहां लगातार जाते हैं। इस मंदिर में जैन प्रतिमाएं भी मिली थी, जिन्हें फिरोजपुर झिरका के जैन मंदिर में स्थापित कर दिया गया है। अरावली की गोद में बसा यह देहरा मंदिर जीर्णोद्धार होने के बाद धार्मिक आस्था के साथ एक रमणीक स्थल के रूप में लोगों के सामने तैयार होगा, जो जिले में पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।
प्रदेश के विरासत एवं पर्यटन मंत्री ने जिला के दो प्रोजेक्ट के जीर्णोद्धार का कार्य का शुभारंभ किया है। इसके बाद यह राज्य सुरक्षित स्मारक पर्यटन के हिसाब बेहतर बन जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सुरक्षित स्मारक देहरा मंदिर, भोंड के जीर्णोद्धार का कार्य हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम द्वारा किया जाएगा तथा राज्य सुरक्षित स्मारक टोम्ब कांप्लेक्स, तावड़ू के जीर्णोद्धार का कार्य सीएसआर के माध्यम से करवाया जाएगा। राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम के कार्यकारी अभियंता आदित्य देशवाल ने बताया कि जल्द इस पर कार्य शुरु कर दिया जाएगा।
प्रदीप सिंह मलिक, अतिरिक्त उपायुक्त