अब तक पांच आरोपी पुलिस गिरफ्त में, हथौड़े-लाठी से की थी आकाश की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। राजीव नगर में 11 अगस्त 2024 को हुए आकाश हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को दबोच लिया है। सीआईए पलवल टीम ने वारदात में शामिल एक किशोर को अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेजा। आरोपी पवन को किठवाड़ी चौक से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस तरह अब तक मामले में कुल पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
शिकायतकर्ता लेखराज के अनुसार, उनके पड़ोस में किरायेदार युवक शराब पीकर गली में हंगामा और गाली-गलौज करते थे। जब उन्होंने और उनके भाई सोनू ने विरोध किया तो आरोपी गुस्से में आ गए। 11 अगस्त की शाम गब्बर, उसके बेटे अमन और पवन सहित कई लोग हथियारों से लैस होकर लेखराज के घर पर पहुंचे। आरोप है कि हाथों में लाठी, हथौड़ा, लोहे की सरिया, कुल्हाड़ी और देसी कट्टा लेकर हमलावरों ने घर पर पथराव किया।
इसी दौरान लेखराज का 18 वर्षीय बेटा आकाश दादा-दादी के घर जा रहा था। हमलावरों ने उसे पकड़कर पीटा और अमन-पवन ने हथौड़े से सिर पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाने आए लेखराज, उनके पिता कुमरपाल और पड़ोसी मनीष को भी चोटें आईं। आकाश को परिजन अस्पताल ले गए, लेकिन आरोपियों ने वहां तक पीछा किया और सोनू पर भी हमला कर दिया। इलाज के दौरान आकाश की मौत हो गई, जिसके बाद हत्या की धारा भी जोड़ी गई। मामले में पहले ही आरोपी महेश कुमार, अमन और गब्बर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सीआईए प्रभारी पी/एसआई दीपक ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।