-दोनों पीड़ितों ने गांव के ही तीन लोगों पर लगाया चोरी का आरोप, पुलिस ने नामजद कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। जिले के आलीमेव गांव में गुरुवार देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए 51 हजार रुपये नकद और करीब साढ़े छह लाख के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित परिवारों ने गांव के ही तीन लोगों पर चोरी का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर बहीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी यशवीर ने बताया कि पहली शिकायत आलीमेव निवासी खुर्शीदन ने दी है। उन्होंने बताया कि उनका मकान गांव से कुछ दूरी पर खेतों के पास कोट गांव की सड़क पर स्थित है। गुरुवार रात वह अपने बेटे की बहू और बच्चियों के साथ सोई हुई थीं। सुबह जब नींद खुली तो दरवाजे खुले मिले और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर अलमारी से दो तोले का गुलीबंद, दो तोले की चांदी की हंसली, आधा-आधा किलो की दो जोड़ी चांदी की पाजेब, दो जोड़ी गले के हार, आधा किलो का हथफूल, गजरा और अंगूठी गायब मिले। खुर्शीदन ने गांव के ही नय्युम उर्फ मग्गाडी, मुक्का उर्फ मुकीम और मुस्तकीम पर चोरी करने का आरोप लगाया है।
इसी तरह आलीमेव निवासी नासिर ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, उसी रात उनके घर से 51 हजार रुपये नकद के अलावा लाखों रुपये मूल्य के सोने और चांदी के गहने चोरी हो गए। उन्होंने भी इन्हीं तीन लोगों को चोरी के लिए जिम्मेदार बताया है। थाना प्रभारी यशवीर के अनुसार, पुलिस ने नय्युम, मुक्का और मुस्तकीम के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।