रोडवेज बस की टक्की से हुई बच्ची और महिला की मौत पर विलाप करते हुए परिजन
- फोटो : Palwal
रोडवेज बस की टक्कर से दो की मौत,एक घायल
पलवल। राजमार्ग 19 पर प्रकाश ढाबे के समीप तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय महिला और उसके 4 वर्षीय भतीजे की मौत हो गई। जबकि मृतका महिला का भाई गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची शहर थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पलवल के सिविल अस्पताल व घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने घायल की गंभीर हालात को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक महिला के पति की शिकायत पर बस के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी भवनकुंड चौकी इंचार्ज एएसआई संजय कुमार के अनुसार पलवल के गांव अटोहां निवासी राकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी सुसराल भनकपुर गया हुआ था। पीड़ित की सुसराल से बाइक पर उसका साला रोहताश, पत्नी मीनाक्षी व भतीजा गणेश सोमवार सुबह वापस गांव अटोहां आ रहे थे। पीड़ित अपनी बाइक लेकर अपने साले रोहताश की बाइक के पीछे-पीछे चला रहा था। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे जब वह हुडा सेक्टर-दो के समीप प्रकाश ढाबे के पास पहुंचे। तो पीछे से आई तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने रोहताश की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पीड़ित की पत्नी व भतीजा बस के टायरों के नीचे आ गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई तथा रोहताश गंभीर रुप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक बस सहित मौके से फरार हो गया।। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी बस के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
---