पलवल। अलग-अलग थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुईं सड़क दुर्घटनाओं में दसवीं कक्षा के छात्र व बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो छात्र घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की शिकायतों पर अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान के अनुसार यूपी के जिला फिरोजाबाद के गांव नंगला मिरजा बढ़ा निवासी सतेंद्र कुमार ने मुंडकटी थाना पुलिस को शिकायत दी है कि उनका 35 वर्षीय भाई जितेंद्र बल्लभगढ़ स्थित स्टड कंपनी में काम करता था। गत 11 अप्रैल की रात जितेंद्र कंपनी से बाइक पर सवार होकर घर आ रहा था। हाईवे पर गांव बंचारी के समीप किसी अज्ञात वाहन ने जितेंद्र की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे जितेंद्र की मौत हो गई।
इसी प्रकार गांव मिंडकोला निवासी भागीरथ ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनका भतीजा विशाल कक्षा दसवीं में गांव कारना स्थित सेंट एंथनी स्कूल में पढ़ता था। उनके परिवार के ही विनेश कक्षा 9वीं व शैलेश कक्षा 11वीं में उसी स्कूल में पढ़ते हैं। पीड़ित गत 12 अप्रैल को अपनी स्कॉर्पियो कार से बच्चों को स्कूल से घर ला रहा था। रास्ते में बच्चों ने लघुशंका जाने की बात कही। पीड़ित ने कार को साइड में रोका और तीनों बच्चे उतर गए। तभी पलवल की तरफ से आई तेज रफ्तार वैगनआर कार ने बच्चों को टक्कर मार दी। इस घटना में विशाल की मौत हो गई। विनेश और शैलेश घायल हैं।