पलवल। शहर थाना क्षेत्र के मोती पार्क गेट के पास दुकानदारों में विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसी दुकानदारों ने लेमिनेशन का काम करने वाले दो भाइयों पर रॉड से हमला कर दिया, जिसमें दोनों घायल हो गए। शहर थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रजपुरा निवासी तौहीद ने पुलिस को बताया कि वह अपने छोटे भाई अरबाज खान के साथ लेमिनेशन टेप की दुकान चलाता है। 31 अगस्त को एक ट्रैक्टर के लेमिनेशन का सौदा 800 रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि पड़ोसी दुकानदार अंसार ग्राहक को 500 रुपये में काम देने की बात कहने लगा। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। आरोप है कि कुछ देर बाद अंसार, हासम उर्फ कासम और साद हथियार लेकर दुकान में घुस आए। हासम ने तोहीद के माथे पर रॉड से वार किया। वहीं अरबाज के बचाव में आने पर साद और अंसार ने शॉकर रॉड से उसके मुंह और नाक पर हमला कर दिया। इससे उसके तीन दांत और नाक की हड्डी टूट गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है आगे की कार्रवाई की जा रही है।