सदर थाना क्षेत्र के गांव सेलोटी में खेत में पानी की पाइप बिछाने के दौरान दो भाइयों पर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेलोटी गांव निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को वह अपने भाई मंजेश के साथ खेत में पानी की पाइप बिछा रहा था। इसी दौरान सुखवीर, जसवीर उर्फ जगवीर, जय और सतवीर हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों भाइयों पर लाठियों और कुल्हाड़ी से वार किए। बचने के प्रयास के बावजूद दोनों को चोटें आई। घायल अवस्था में उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच में सुनील के हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। सदर थाना प्रभारी हरि किशन ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद