- दुष्कर्म कर वीडियो बनाई और धमकी देकर किया था शोषण
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। छात्रा का वीडियो बना यौन शोषण करने वाले दो सगे भाइयों व होटल संचालक को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने स्कूल जा रही छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना ली। उसके बाद आरोपी के छोटे भाई ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। चांदहट थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
चांदहट थाना प्रभारी सुंदरपाल के अनुसार एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी नाबालिग बेटी नौंवी कक्षा में पढ़ती है। घर से स्कूल जाते समय बेटी को रास्ते से जितेंद्र नामक युवक अपहरण कर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना ली। उसके बाद आरोपी के छोटे भाई करण ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया था। दोनों भाइयों से परेशान होकर बेटी ने अपनी मां को आपबीती बताई और मामले की शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस ने अपहरण, ब्लैकमेल करने व दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। मामले में सब इंस्पेक्टर हरद्वारी लाल व सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में होटल संचालक की संलिप्तता मिलने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।