दोनों कंपनी में साथ करते थे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसा मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मुंडकटी चौक पर हुआ। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी ट्रक चालक को काबू कर लिया। मुंडकटी थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार जिला नूंह के तावडू स्थित वार्ड नंबर आठ निवासी धमेंद्र ने बताया कि उनका चचेरा भाई तुषार तावडू में स्थित निजी कंपनी में नौकरी करता था। तुषार के साथ तावडू के वार्ड नंबर आठ निवासी अजीत भी नौकरी करता था। दोनों मंगलवार सुबह कंपनी गए थे, परंतु दोनों ने वृंदावन दर्शन के लिए जाने की योजना बनाई। दोनों सुबह आठ बजे तावडू से वृंदावन दर्शन के लिए बाइक से निकल गए। सुबह करीब 10 बजे रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित मुंडकटी चौक पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भीड़ ने मौके से ही आरोपी चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।