सवारी का इंतजार कर रहे युवक को ट्रक ने कुचला
पलवल। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (केजीपी) स्थित छज्जूनगर टोल प्लाजा के समीप सवारी का इंतजार कर रहे एक युवक को ट्रक ने कुचल दिया। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया। चांदहट थाना पुलिस ने ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, यूपी के जिला एटा स्थित गांव मुबारिकपुर सराय निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह और उसका भतीजा विपिन 12 सितंबर को पलवल किसी काम से आए थे। पीड़ित और उसके भतीजे ने केजीपी पर चाय पी और सड़क पर वाहन का इंतजार करने लगे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने विपिन को कुचल दिया। विपिन की मौके पर ही मौत हो गई और ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।