पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर लोगों को जल्द ही बल्लभगढ़ तक जाने में सहूलियत मिलेगी। 15 अप्रैल तक एनएचएआई द्वारा पृथला फ्लाईओवर शुरू कर दिया जाएगा। इसके निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके शुरू हो जाने के बाद से गांव पृथला में लगने वाले भारी जाम से वाहन चालकों को निजात मिलेगी। वहीं समय की भी काफी बचत होगी।
दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को सिक्स लेन करने के तहत फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। पलवल से बल्लभगढ़ की दूरी करीब 24 किलोमीटर है। इसके बीच हुडा चौक, आल्हापुर चौक, दूधौला चौक पृथला, सीकरी, कैली व आल्हापुर में भी फ्लाईओवर मंजूर हुए। पृथला को छोड़कर सभी फ्लाईओवर शुरू कर दिए गए। ऐसे में पृथला क्षेत्र में लगने वाला जाम लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। करीब एक किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर पर अभी तक आवागमन शुरू कर दिया जाना था, लेकिन कोरोना काल में मजदूरों की कमी के चलते निर्माण कार्य लटकता चला गया। अब इसका काम लगभग पूरा हो चुका है। एनएचएआई की ओर से अब इसको अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके शुरू होते ही जहां गांव वालों को सड़क पार करने में आसानी होगी, वहीं वाहन चालकों का सफर भी सुलभ हो जाएगा।
वर्जन-
फ्लाईओवर का काम तेजी से चल रहा है। 15 अप्रैल से पहले इस पर आवागमन शुरू हो जाएगा। इसे पहले ही शुरू किया जाना था, लेकिन मजदूरों की कमी के कारण देरी हो गई। इसके बनाए जाने से जहां वाहन चालकों को फायदा होगा, वहीं गांव वालों को भी लाभ मिलेगा। - धीरज सिंह, परियोजना अधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण