हसनपुर के गांव भिडूकी में सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के बाद शव सड़क पर रखकर आरोपी की गिरफ्तारी
- फोटो : Palwal
हसनपुर। थाना क्षेत्र के गांव भिडूकी निवासी युवक की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार को सैकड़ों लोगों ने अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। इस कारण होडल हसनपुर सड़क मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीण यहां इसी बात पर अडे़ रहे कि जब तक पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को गिरफ्तार नहीं करेगी तब तक जाम लगा रहेगा। जाम लगने की सूचना मिलते ही थाना पुलिस व डीएसपी विवेक चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुरेंद्र 14 जुलाई को अपने साथियों के साथ घूमने के लिए जा रहा था। गांव स्थित नाले के पास किसी गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी थी, जिसमें वह रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां सुरेंद्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। गांव में सुरेंद्र का शव पहुंचने की जानकारी मिलते ही सोमवार दोपहर बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने होडल हसनपुर सड़क मार्ग पर मृतक के शव को रखकर जाम लगा और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई व उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अडे़ रहे। हालांकि थाना पुलिस द्वारा इस मामले में मृतक के साथी राकेश की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया था।