शहर और जिले में पतंग उड़ाने में इस्तेमाल हो रहे चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 10 जुलाई से लेकर अब तक मांझे से कटने के कुल 15 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से कई मामलों में लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
रविवार को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दिखाने के लिए कुल पांच मामले पहुंचे। साथ ही निजी अस्पतालों में भी पांच केस इलाज कराने वाले पहुंचे। सबसे ताजा मामला डॉ. अरुण का है, जो बाइक से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में गर्दन पर मांझा लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तुरंत फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज न होता तो जान को खतरा हो सकता था। एक अन्य घटना में एक पुलिसकर्मी और एक आम नागरिक की बाजू में मांझा गहराई तक घुस गया, जिससे मांस तक कट गया। इन्हें जिला अस्पताल में उपचार मिला।
चाइनीज मांझे की बिक्री पर सरकारी स्तर पर प्रतिबंध होने के बावजूद यह खुलेआम बाजारों में बिक रहा है। पुलिस व प्रशासन अब तक कोई ठोस अभियान नहीं चला सके हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।