क्राइम ब्रांच प्रभारी जगविंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम करमन बॉर्डर पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्थान के गांव रुंध खोय निवासी अफजल, मानेसर से कंटेनर में शराब की तस्करी कर बिहार व झारखंड ले जाने वाला है। सूचना मिलते ही टीम ने उझीना पुल के पास नाकाबंदी शुरू कर दी।
नाकाबंदी के दौरान वाहनों की जांच की जा रही थी कि तभी एक कंटेनर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने कंटेनर को रुकने का इशारा किया, जिस पर चालक ने उसे रोक लिया। जांच के दौरान कंटेनर की सील खुलवाई गई, तो उसके अंदर प्रीमियम प्रिंसिपल ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 1091 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी अफजल, शराब से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में अफजल ने बताया कि शराब का मालिक राहुल निवासी गुरुग्राम है। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ शराब तस्करी का केस दर्ज किया और अफजल को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि तस्करी में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। प्रभारी ने बताया कि जब्त शराब की बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपये है।