पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
शहर के इस्लामाबाद क्षेत्र में कहासुनी को लेकर एक युवक और उसके दो परिजनों पर डंडों, रॉड व चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार इस्लामाबाद निवासी अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार की रात कॉलोनी के बाहर बैठने के दौरान गौरव बाइक की तेज लाइट उनके चेहरे पर डाल रहा था। विरोध करने पर उसने थप्पड़ मारकर जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन शाम करीब तीन बजे गौरव ने रास्ते में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने अपने घर से नरेश, वीरेंद्र, जगवती और दो अन्य लोगों को बुला लिया, जिन्होंने रॉड, डंडों और चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे सुनील और जगबीर भी हमले में घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अस्पताल में भी आरोपियों ने पहुंचकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।