संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पलवल पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एएनसी स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक हनीश खान के अनुसार, सूचना के आधार पर पुलिस ने गोडोता-बंचारी रोड पर एक युवक को पकड़ा। उसकी पहचान गांव गोडोता निवासी विश्वेंद्र उर्फ तन्तु के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज हैं।
वहीं, सीआईए स्टाफ प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर भिडूकी नहर के पास एक युवक को पकड़ा गया। उसकी पहचान सागर के रूप में हुई। उसके पास से तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। उसके खिलाफ थाना हसनपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई है।