फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: उतरने लगा बाढ़ का पानी, घरों में रखा हजारों क्विंटल अनाज खराब

Tue, 18 Jul 2023 11:34 PM IST
नोएडा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पलवल
विज्ञापन
विज्ञापन
पलवल। यमुना में जलस्तर घटने के साथ ही लोगों को मूलभूत सुविधाओं का टोटा अब सताने लगा है। यमुना में आई बाढ़ के कारण घरों में कई-कई फुट पानी घुस गया। पानी घुसने से घरों में रखे सामान के साथ ग्रामीणों द्वारा संरक्षित रखा गया अनाज भी खराब हो गया। मंगलवार को पानी कम होने पर ग्रामीणों अपने घरों की सुध ली तो घर के सामान के साथ टंकियों में भरकर रखा अनाज भी खराब हो गया। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस त्रासदी में करीब एक हजार क्विंटल गेहूं खराब हो गया। गेहूं खराब होने से अब किसानों के समक्ष परिवार का पेट भरने का संकट पैदा हा गया। ग्रामीणों का कहना है कि यमुना का जलस्तर उतरने तक तो प्रशासन खाना खिला देगा, उसके बाद उनकी कोई सुध लेने भी नहीं आएगा। ऐसे में पूरा साल वे अपने परिवार का पेट कैसे भरेंगे, यह चिंता उन्हें सता रही है।
विज्ञापन

यमुना का जलस्तर अब खतरे के निशान से नीचे आने लगा है। मंगलवार को यमुना का पानी 615 से घटकर 613 मीटर पर आ गया। ऐसे में राहत शिविरों में ठहरे लोग भी अब अपने घरों की ओर रुख करने लगे हैं। मंगलवार को गांव इंद्रानगर, महाबलीपुर, टप्पा, अतवा, बागपुर, माला सिंह फार्म, शेखपुर, भूडखेड़ली के लोग अपने घरों में पहुंचे तो जलभराव के कारण घर का पूरा सामान इधर-उधर बिखरा मिला। सबसे ज्यादा नुकसान घरों में पूरे साल के लिए टंकियों में संरक्षित किया गया अनाज भी भीगा मिला। कई स्थानों पर पानी की टंकियां फटी मिली, जिससे अनाज पानी के साथ बह गया। मंगलवार को पानी को उतरने पर लोग अपने घरों पर पहुंचे तो हाल देखकर हैरान रह गए। बाढ़ की तबाही ने उनका सब कुछ बर्बाद कर दिया। सामान, कपड़े, बर्तन तो खराब हो ही गए, खाने के लिए संरक्षित किया गया गेंहू भी पूरी खराब हालत में मिला। मंगलवार को ग्रामीण गेहूं को सुखाने का प्रयास करते रहे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि बाढ़ से प्रभावित करीब 30 गांवों के ग्रामीणों का एक हजार क्विंटल गेहूं खराब हो सकता है। इसके अलावा गांव कुशक में जलभराव के कारण खराब हो रहे सामान को निकालकर दूसरे स्थानों पर ले जाते ग्रामीण दिखाई दिए।
मकान के बाद अब बागपुर में गिरीं दुकानें
गांव बागपुर में भरभराकर गिरे मकान की घटना को शायद ही कोई भूल पाया हो गया, अब गांव में जमीन धंसने से खाद-बीज की दो दुकान भी धराशायी हो गईं। इसके अलावा पानी के तेज बहाव के कारण दुकानों के आगे का चौतरा व सड़क में कटाव हो गया, जिससे दुकानदार को लाखों को रुपये का नुकसान हुआ है। गांव निवासी उमेश कौशिक ने बताया कि गांव निवासी सौदान शर्मा ने गांव में खाद बीज की दुकान खोली हुई थी, जोकि जमीन धंसने के कारण गिर पड़ी। इसके अलावा गांव के दर्जनों मकानों में दरार पड़ गई है, जिससे लोग भय के साये में हैं।
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री के गांवों में न पहुंचने से रोष
प्रदेश उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पलवल के गावों को दौरा न करने के बाद सोमवार को केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के आने पर ग्रामीणों में रोष दिखाई दिया। मंगलवार को मुस्तफाबाद में लगाए गए राहत शिविर में ग्रामीणों केंद्रीय मंत्री के खिलाफ रोष जताते हुए नारेबाजी की। ग्रामीण ने कहा कि सरकार द्वारा उनकी उपेक्षा की जा रही है। विधायक दीपक मंगला को खरी-खोटी सुनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया है।
बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों का सेवा भाव से करें कार्य
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मंगलवार को यमुना में बाढ़ को लेकर जिला अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में बिजली, पानी, चिकित्सा, खाद्य सामग्री, टैंट, चारे आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करें। यमुना के तीव्र बहाव के कारण मोहना-सोलडा-बागपुर रोड के क्षतिग्रस्त होने पर गांवों की टूटी कनेक्टिविटी को जल्द फिर से जोडऩे, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुविधा अनुसार पोल खड़े करके बिजली आपूर्ति, लोगों को खाद्य सामग्री वितरण, पीने का साफ पानी की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता, लोगों के रहन-सहन के लिए टेंट की व्यवस्था, मच्छरों के प्रकोप से बचाव हेतु फॉगिंग करवाने, गांवों में बीमारों के इलाज के लिए हरियाणा रोडवेज की मिनी बसों में डॉक्टर्स की टीम का नियमित विजिट करने के निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित 28 गांवों में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई
नवनियुक्त सिविल सर्जन नरेश कुमार गर्ग ने कार्यभार संभालते ही जिला के बाढ़ प्रभावित 28 गांवों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में एक-एक चिकित्सक को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पैरा मेडिकल एवं मेडिकल स्टाफ भी तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में एंटी स्नैक इलाज की व्यवस्था भी की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें