रविवार को शहर में हुई मूसलाधार बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया। बारिश से जहां शहर के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा वहीं किसानों को फसलों के लिए नुकसान उठाना पड़ा। इस मौसम में बारिश होने से किसानों की धान, बाजरा, कपास व ज्वार की फसल प्रभावित हुई।
किसान राजेश कुमार, बिजेंद्र सिंह, रामबीर, समुंद्र सिंह व लीला देवी व इंद्रा देवी ने बताया कि रविवार को हुई बारिश फसल के लिए नुकसानदायकक है।
क्योंकि इन दिनों ज्वार, बाजरा, कपास व धान की फसलें पकने वाली हैं या फिर कुछ पक कर तैयार हैं। किसानों ने कहा कि यह बारिश किसानों के लिए घाटे का सौदा साबित हुई है। बारिश के दौरान तेज हवा चलने से ज्वार, बाजरा व धान की फसलें जमीन में गिर जाती हैं, जिससे उनकी पैदावार प्रभावित हो जाती है।
उधर, बारिश के बाद शहर में पानी की निकासी न होने के कारण जगह-जगह सड़कों व गलियों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। इसके चलते दुपहिया वाहनों का निकलना तो दूर की बात, लोगों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया। नेशनल हाईवे स्थित आगरा चौक से न्यू कॉलोनी की तरफ जाने वाले मार्ग पर दो-दो फुट पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।