37 नए संक्रमित मिले, 24 ने दी कोरोना को मात
पलवल। जिले में मंगलवार को 37 नए संक्रमित मिलने के साथ ही कोरोना पीड़ितों की संख्या 1168 हो गई है। जबकि, 24 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए। पलवल जिले में 998 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि इन आंकड़ों के अलावा कोरोना से जिले में 9 मौतें हो चुकी हैं। जिले में सर्विलांस पर 22194 लोग आ चुके हैं। इनमें से 12558 लोगों की 28 दिन की सर्विलांस अवधि पूर्ण हो चुकी है और 10852 लोग अभी भी सर्विलांस पर हैं। 406 लोगों की सैंपल रिपोर्ट का इंतजार है। आइसोलेशन वार्ड में 24 मरीज भर्ती हैं। पलवल में 22331 सैंपल में से 20757 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि जिले में रिकवरी रेट 90 फीसदी पहुंच गया है।
सिविल सर्जन ने बताया कि हमारे पास दूसरे प्रदेशों से लोग काफी संख्या में आ रहे हैं। इन लोगों की स्क्रीनिंग जारी है। 1100 लोगों की साइक्लोजिकल काउंसलिंग की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि होम आइसोलेशन और सामाजिक दूरी के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नागरिक अस्पताल में दुकानदारों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन में आने वाली सभी मरीजों की जांच की जा रही है। लोगों की काउंसलिंग भी जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि आस-पास कोरोना का संदिग्ध मरीज दिखने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर- 1950, 100, 108, 7027840481, 01275-240022 पर सूचित करें।