पलवल। कोरोना टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरूआत सोमवार से होगी। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान दूधैला, औरंगाबाद और अल्लीका स्वास्थ्य केंद्रों पर 60 साल व उससे अधिक उम्र के लोगों व 45 से 59 साल तक के उन लोगों को जिन्हें गंभीर बीमारी है, टीका लगाया जाएगा। वहीं तीन निजी अस्पतालों का चयन किया गया है, जिसमें कोई भी 250 रुपये में टीका लगवा सकता है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा कोरोना टीकाकरण में पलवल जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर चल रहा है। यहां 84 प्रतिशत लोगों को दो चरणों में टीका लगाया जा चुका है। तीसरे चरण में सोमवार से लोगों को निशुल्क टीके लगाए जाएंगे। इसके लिए बुजुर्ग व बीमारी व्यक्तियों को किसी भी संस्था में रजिस्ट्रेशन कराना होगा, ताकि उन्हें सूचित किया जा सके। वहीं अन्य लोगों के लिए पलवल में तीन निजी अस्पतालों को चयनित किया गया है। जिनमें राहुल नर्सिंग होम, गोयल नर्सिंग होम व सचिन हॉस्पिटल हैं। यहां कोई भी व्यक्ति 250 रुपये का भुगतान कर टीका लगवा सकता है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने का कार्य भी शुरू हो गया है। इसके लिए नेशनल हेल्थ एजेंसी एवं स्टेट हेल्थ एजेंसी द्वारा एक मार्च से 15 मार्च तक पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। जिले के सभी सामुदायिक व प्राथमिक और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और कॉमन सर्विस सेंटर में कार्ड बनाए जाएंगे।