संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। थाना होडल और सीआईए स्टाफ होडल की टीम ने हवाई फायरिंग मामले में तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान तिहा पट्टी होडल निवासी विष्णु के रूप में हुई है। सीआईए स्टाफ होडल प्रभारी पीएसआई अमित कुमार ने बताया कि 16 जुलाई की रात को धारम पट्टी होडल निवासी सतीश कुमार के घर के पास हवाई फायरिंग की एक घटना सामने आई थी। एक गोली का सिक्का उनके घर की छत की ग्रिल से टकराकर आंगन में जा गिरा। जब उन्होंने बाहर आकर देखा तो कुछ दूरी पर एक सफेद रंग की बलेनो गाड़ी दिखाई दी, जिसमें सवार होकर अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना होडल में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के आदेशानुसार, केस की जिम्मेदारी सीआईए स्टाफ होडल को सौंपी गई। सीआईए होडल की टीम ने कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रशांत पुत्र सतबीर और ललित पुत्र यशपाल, दोनों निवासी धारम पट्टी, होडल, जिला पलवल के रूप में हुई है। पूछताछ और तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की बलेनो गाड़ी बरामद की। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया एक अवैध देशी कट्टा तथा एक जिंदा व खाली कारतूस भी बरामद किया गया।
सीआईए स्टाफ होडल प्रभारी ने बताया कि दिनांक 22 जुलाई को इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी विष्णु को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है जिसे माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।