बल्लभगढ़। शहर के सेक्टर-10 स्थित टीसीसी शिव मंदिर में चोरों ने चार दानपात्रों के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। घटना का पता बुधवार सुबह उस समय चला जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। सेक्टर-8 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर के पुजारी राधिका प्रसाद ने बताया कि 21 जुलाई की रात करीब 11 बजे नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर बंद हो गया था। अगले दिन 22 जुलाई की सुबह करीब 5:30 बजे जब वह मंदिर पहुंचे तो चारों दानपात्र टूटे मिले। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संवाद