पलवल। संपूर्ण लॉकडाउन में छूट मिलने के भी दूसरे दिन भी बाजारों में भीड़ जुटी रही। हालांकि मंगलवार को बाजारों में सम-विषम से दुकानें खोलने का पालन किया गया। सम-विषम फार्मूले का पालन होने का मुख्य कारण बाजारों में तैनात की गई पुलिस द्वारा नियमित गश्त रहा। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी काटे। मंगलवार को भी दोपहर 12 बजे तक दुकान खोलने की समय सीमा होने के चलते दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही ।0 दुकानों को पर कोरोना गाइड लाइन का जमकर उल्लंघन हुआ। एक दुकान पर 10-10 ग्राहक एक साथ खरीदारी करते नजर आए। काफी ग्राहकों ने मास्क भी नहीं लगाया हुआ था।
दरअसल, कोरोना महामारी की दूसरी लहर में बढ़े मामलों को देखते हुए 3 मई से संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया। इसके बाद 11 मई व 17 मई को लॉकडाउन को फिर से बढ़ा दिया गया। लगातार लॉकडाउन बढ़ने से व्यापारी दुकानें खोलने में छूट देने को लेकर प्रशासन से मांग कर रहे थे। व्यापारियों की मांग पर 24 मई से लॉकडाउन में छूट देने की घोषणा की। नई घोषणा के अनुसार सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक ऑड-ईवन फार्मूला के तहत दुकानें खोलने की छूट दी गई। सोमवार को बाजारों में नियमों की जमकर अवहेलना हुए। सम-विषम फार्मूला का पालन नहीं हुआ। दुकानदारों के मनमानी को रोकने के लिए मंगलवार को बाजारों में पुलिस तैनात की गई, जो नियमित गश्त करती रही, जिसमें सम-विषम फार्मूला का पालन हुआ, परंतु बाजार में भीड़ कम नहीं हुई। दुकान जल्दी बंद होने के डर से दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
----
सड़कों पर लगा रहा जाम
दोपहर 12 बजे तक दुकाने खोलने की समय सीमा होने के चलते सड़कों पर आवाजाही काफी ज्यादा रही, जिससे कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। सबसे ज्यादा परेशानी राष्ट्रीय राजमार्ग व पुरानी जीटी रोड पर रही। इसके अलावा सोहना रोड़, रसूलपुर रोड़, मीनार गेट बाजार व जवाहर नगर कैंप में भी जाम की स्थिति बनी रही।
-------
बाजारों में पुलिस है तैनात
बाजारों में स्थिति खराब न हो इसके लिए पुलिस तैनात की गई है। पुलिस नियमित बाजारों में गश्त करती है। नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के चालान किए जा रहे हैं। सोमवार को भी 16 दुकानदारों के चालान काटे गए थे, आगे भी अभियान जारी रहेगा।
- दीपक गहलावत, पुलिस अधीक्षक