एक सप्ताह पहले धाराशायी हुई थी दीवार, प्रशासन ने अब तक नहीं ली सुध
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। लघु सचिवालय की चहारदीवारी गिरने के एक सप्ताह बाद भी प्रशासन द्वारा इस मामले में कोई सुध नहीं ली गई है। लघु सचिवालय की सीवरेज व्यवस्था ठप होने के कारण दीवार के आसपास पानी भरे रहने के कारण दीवार गिर गई। गत सप्ताह से हो रही बरसात और सीवर का पानी भरने के कारण पिछले सप्ताह यह दीवार अचानक धराशायी हो गई। लगभग सौ फुट लंबी दीवार गिरने के बाद लघु सचिवालय की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया है।
परिसर में मौजूद मनोज कुमार, जितेंद्र, बृजलाल, जीतू, यशवीर, बंटी आदि ने बताया कि तहसील परिसर की दीवार के आसपास कई महीनों से सीवर का गंदा पानी भरा रहता है। इस मामले में कई बार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अवगत भी कराया गया, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। पानी भरा होने के कारण पिछले सप्ताह लगभग सौ फुट लंबी दीवार अचानक धराशायी हो गई।